फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मई 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, अमौसी लखनऊ द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद सहित पूरे कानपुर मंडल में आगामी 48 घंटों के दौरान मौसम बेहद खराब और खतरनाक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 29 एवं 30 मई 2026 के लिए “रेड अलर्ट” जारी करते हुए आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार फर्रुखाबाद, औरैया, इटावा, कन्नौज, कानपुर नगर एवं कानपुर देहात में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना हुआ है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
28 मई को आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई को जनपद के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से अंधड़ और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
29 और 30 मई के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 29 एवं 30 मई को “Warning – Take Action” श्रेणी में रखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक, भारी बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। हवाओं की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज होने की आशंका है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम का असर जनजीवन, बिजली आपूर्ति, यातायात और कृषि गतिविधियों पर पड़ सकता है।
तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रशासन और मौसम विभाग की आमजन से अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहने की अपील की है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
किसानों से कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा सिंचाई एवं छिड़काव कार्य फिलहाल रोकने को कहा गया है। वहीं बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की गई है।
क्या करें और क्या न करें
क्या करें
सुरक्षित पक्के भवन के अंदर रहें।
मोबाइल फोन चार्ज रखें और टॉर्च तैयार रखें।
बिजली उपकरणों के प्लग निकाल दें।
पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें।
जरूरत पड़ने पर 1077 या 112 पर संपर्क करें।
क्या न करें
पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
टूटे बिजली तारों और ट्रांसफॉर्मर से दूर रहें।
खुले मैदान, खेत और छतों पर जाने से बचें।
आंधी के दौरान बाइक या साइकिल का प्रयोग न करें।
धातु की वस्तुएं लेकर बाहर न निकलें।
मौसम संबंधी ताजा जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट एवं ‘Damini’ मोबाइल ऐप पर प्राप्त की जा सकती है।
