फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ चला विशेष अभियान, आबकारी विभाग ने की दुकानों की सघन जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के आदेशानुसार यह अभियान जनपद भर में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को जिला आबकारी अधिकारी श्री जी०पी० गुप्ता ने विभागीय टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देशी शराब दुकान कठेरिया नगला तथा जिला जेल चौराहा स्थित कम्पोजिट शॉप जे०एन०वी० रोड की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से हो रही बिक्री, बारकोड स्कैनिंग सिस्टम एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आबकारी टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का भौतिक सत्यापन कर उसका अभिलेखों से मिलान भी किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी श्री जी०पी० गुप्ता ने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन अथवा आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment