फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मई 2026 ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जनपद में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ नमाज अदा की गई। आज प्रातःकाल जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने ईदगाह स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
नमाज अदा होने के पश्चात जिलाधिकारी को लोगों द्वारा ईद की मुबारकबाद दी गई। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपदवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद में कुल 229 स्थानों पर ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
जिलाधिकारी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, अमन और समृद्धि लेकर आए। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
कुर्बानी के बाद साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी गंभीर नजर आए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुर्बानी के अवशेषों का उचित निस्तारण कराया जाए तथा स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
