फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 जनपद में सर्किल रेट को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा जारी बयान के बाद भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और किसानों में नाराजगी बढ़ गई। इसी क्रम में आज यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकर मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।जानकारी के अनुसार, हाल ही में जिलाधिकारी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया था कि किसानों का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया जाएगा तथा यूनियन किसानों को गुमराह कर रही है। इस बयान को लेकर किसान संगठन आक्रोशित हो उठा और इसे किसानों के सम्मान पर चोट बताया।कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकर मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है, न कि उन्हें गुमराह कर रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनैतिक या जबरदस्ती की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि यदि प्रशासन ने किसानों के हितों के खिलाफ कोई कदम उठाया तो भारतीय किसान यूनियन बड़ा जन-आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सर्किल रेट के मुद्दे पर पुनर्विचार करने की मांग की।इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने भी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। किसानों का कहना है कि मौजूदा सर्किल रेट बाजार मूल्य के अनुरूप नहीं है, जिससे भूमि अधिग्रहण और खरीद-फरोख्त में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।फिलहाल प्रशासन और किसान संगठन के बीच यह विवाद आगे किस दिशा में जाएगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
फर्रुखाबाद:सर्किल रेट विवाद पर भड़की भाकियू (टिकैत), कलेक्ट्रेट पहुंच किसानों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
