फर्रुखाबाद: लिंक एक्सप्रेसवे में जा रही जमीनों का बढ़ेगा सर्किल रेट- अजय कटियार

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर किसानों की जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांगों को विस्तार से रखा।जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्ष 2013 के बाद से जनपद में सर्किल रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। ऐसे में लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीनों का किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कम सर्किल रेट के कारण किसान अपनी जमीन देने में हिचकिचा रहे हैं, जिससे परियोजना की प्रगति भी प्रभावित हो सकती है।अजय कटियार ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सरकार किसानों को उनकी जमीन के वास्तविक मूल्य के अनुसार मुआवजा दे, तो किसान स्वेच्छा से अपनी भूमि देने को तैयार हैं। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई प्रशासनिक अधिकारी गांव में आए, तो उनका सम्मान करें और विनम्र व्यवहार बनाए रखें।प्रतिनिधिमंडल ने 24 फरवरी को दिए गए अपने मांग पत्र की प्रति भी जिलाधिकारी को सौंपते हुए सर्किल रेट में शीघ्र वृद्धि की मांग दोहराई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण किसानों के साथ समन्वय बनाकर ही किया जाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत और सदर तहसील महासचिव रजत गंगवार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।