लखीमपुर खीरी : अंबेडकर जयंती पर RSS का पथ संचलन, समरसता और एकता का संदेश

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गोला गोकर्णनाथ नगर एवं कुंभी खंड के संयुक्त तत्वावधान में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन सिद्धिविनायक गेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों नानकचौकी, सिनेमा रोड, शिवम कंप्लेक्स,अलीगंज रोड, अशोक चौराहा, मोहम्मदी रोड, पुराना बाईपास, विकास चौराहा, खुटार रोड, बड़ा चौराहा होकर पुनः सिद्धिविनायक गेस्ट हाउस आकर समापन हुआ। पथ संचलन के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता सह विभाग संघचालक सीतापुर विभाग श्री राजेंद्र कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज को एकजुट होकर समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में देशभर में ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता, एकता और संगठन की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर विवेक वर्मा (सह जिला कार्यवाह), शिव प्रकाश (जिला प्रचारक), राम नरेश वर्मा (जिला बौद्धिक प्रमुख, रोहित तिवारी (जिला प्रचार प्रमुख),अभिषेक नगर खंड प्रचारक, विजय वर्मा (नगर संघचालक), महेंद्र नाथ पाठक (नगर कार्यवाह), दुष्यंत वर्मा (खंड संघचालक), हेमंत वर्मा (खंड कार्यवाह), महेंद्र वर्मा (सह खंड कार्यवाह) एवं गोला विधायक अमन गिरी सहित सैकड़ों स्वयंसेवक और विचार परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नगर में सामाजिक समरसता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का सशक्त संदेश दिया।