फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मार्च 2026 विकास भवन सभागार फतेहगढ़ में आज “किसान दिवस” का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र सहित कृषि, उद्यान, खाद्य एवं विपणन, सहकारिता, सिंचाई, मत्स्य, वन एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप कृषि निदेशक ने सभी अधिकारियों एवं किसानों का स्वागत किया तथा पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। साथ ही बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर जायद फसलों के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी वीडियो के माध्यम से दी गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आर्यावृत ग्रामीण बैंक एवं जिला सहकारी बैंक की ही आवेदन प्रक्रिया पोर्टल पर स्वीकृत हो रही है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार गेहूं की खरीद हेतु जनपद में 31 क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 11 केंद्र प्रक्रियाधीन हैं, जहां न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याएं भी उठाईं। श्री राममोहन दीक्षित ने आलू के गिरते दाम और भंडारण शुल्क में छूट की मांग की। इस पर जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि आलू किसानों के लिए केंद्र सरकार से 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि का प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही चेतावनी दी कि कोल्ड स्टोरेज में क्षमता पूर्ण होने की भ्रामक सूचना देने पर 1976 अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, श्री अजय कटियार ने लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के मुआवजे को बढ़ाने और कट में संशोधन की मांग रखी। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि भविष्य में सभी विभागाध्यक्ष किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
किसान दिवस के इस आयोजन में योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली।
