फर्रुखाबाद: भाजपा का ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान’ तेज, 29 मार्च से 12 अप्रैल तक 18 मंडलों में होंगे प्रशिक्षण वर्ग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान’ के अंतर्गत मंडलों की प्रशिक्षण टोली के कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक ली। बैठक में जिले की चारों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले सभी 18 मंडलों के अध्यक्षों एवं प्रशिक्षण टोली से जुड़े पदाधिकारियों के साथ प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि 29 मार्च से 12 अप्रैल तक जिले के सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण वर्गों के लिए पूर्व निर्धारित स्थानों का चयन कर लिया गया है। प्रशिक्षण वर्गों में उद्घाटन और समापन सत्र सहित पार्टी द्वारा निर्धारित सात विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों में पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम, संगठन की यात्रा और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। शिविरों में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को अनुशासित रहकर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा में भाग लेना होगा तथा उन्हें रात्रि विश्राम भी करना पड़ेगा। प्रशिक्षण वर्गों में भोजन, टेंट, लाइट, माइक, एलईडी, पंजीकरण किट और स्टेशनरी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने कहा कि मंडल प्रशिक्षण वर्गों का मुख्य उद्देश्य मंडल कमेटी के नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और इतिहास से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रशिक्षण वर्ग में अलग-अलग सत्रों को संबोधित करने के लिए पार्टी द्वारा वक्ताओं का चयन किया जा चुका है। इन वर्गों में शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल कार्यकारिणी, मंडल मोर्चा अध्यक्ष व महामंत्री, मंडल क्षेत्र में रहने वाले जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि अपेक्षित श्रेणी में शामिल रहेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार होकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा, ताकि विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार किया जा सके। प्रशिक्षण वर्गों के परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पांच प्रण’ तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बताए गए ‘पांच परिवर्तन’ जैसे प्रमुख विषयों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

बैठक में जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री सुनील रावत, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, सोशल मीडिया जिला संयोजक अभिषेक बाजपेई, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत, अतुल दीक्षित, अनुराग सिंह, जहानगंज मंडल अध्यक्ष अनुज राजपूत, विशाल शर्मा, कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment