फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला थाना टीम द्वारा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न एवं अन्य अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने की अपील की गई। महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुलिस टीम के इस प्रयास की सराहना की। महिला थाना द्वारा आश्वस्त किया गया कि महिलाओं से संबंधित किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
