फर्रुखाबाद में भिक्खु महासंघ की विशाल धम्म यात्रा का भव्य स्वागत, जगह-जगह पुष्पवर्षा व सत्कार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 दिसम्बर 2025 सारनाथ से संकिसा की ओर अग्रसर भिक्खु महासंघ की विशाल धम्म यात्रा आज सुबह करीब 11 बजे कादरी गेट थाने क्षेत्र के ग्राम अमेठी कोहना पहुंची, जहां ग्रामवासियों और बौद्ध अनुयायियों ने भिक्षुओं का परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया। आगमन पर भिक्षुगणों एवं उपासकों को आवास में ठहराया गया तथा सभी के लिए जलपान और भोजन दान की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।

अमेठी कोहना में जोरदार स्वागत, भिक्षुओं पर पुष्पवर्षा

अंगूरी बाग बुद्ध विहार के प्रमुख भिक्षु नागसेन के मार्गदर्शन में अमेठी निवासी अचल प्रताप सिंह शाक्य एडवोकेट, गोलू उर्फ जतिन शाक्य, कमलेश शाक्य, संजीव शाक्य, विजय शाक्य, रामू शाक्य, अजय शाक्य, सुधीर शाक्य, आदित्य शाक्य, चंद्रकांत शाक्य, विजय प्रताप शाक्य, डॉ. शिवरतन सिंह शाक्य, अतुल कुमार शाक्य एडवोकेट, बृजेश कुशवाहा एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग पांचाल घाट पुल पर पहुंचे और धम्म यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के ग्राम में प्रवेश करते ही भिक्खु चन्दिमा थेरो सहित अन्य भिक्षुओं पर पुष्प वर्षा की गई। मार्ग में आगे बढ़ते हुए उनके रास्ते पर फूलों की पंखुड़ियां बिखेरी गईं। महिलाओं ने पारंपरिक विधि से फूल अर्पित कर भिक्षुओं का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया।

तथागत सामाजिक समिति-TSS के पदाधिकारियों ने लिए आशीर्वाद

भिक्षु चेतसिक बोधि, भिक्षु नागसेन, तथागत सामाजिक समिति (TSS) के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, अंचल सिंह कुशवाहा, अवनीश कुमार, संतोष कुमार शाक्य, राधेश्याम कुशवाहा, रामवीर शाक्य, संजय सिंह, डॉ. धर्मवीर सिंह शाक्य, दीपक शाक्य, अखिलेश शाक्य, महावीर सिंह शाक्य सहित अनेकों TSS के कार्यकर्ताओं ने भिक्खु चन्दिमा थेरो से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

धम्म यात्रा की सूचना मिलते ही क्षेत्र के बौद्ध अनुयायियों में भारी उत्साह देखा गया। मार्ग में आईटीआई चौराहा स्थित विजय सिंह, देवरामपुर क्रॉसिंग पर सुरेंद्र शाक्य, नगला खैरबन्द में कमलेश शाक्य एवं नरेंद्र शाक्य जिला पंचायत सदस्य, गढ़िया ढिलावल चौराहा रोड स्थित आरएस फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर महेंद्र सिंह शाक्य, अंडरपास के निकट एडवोकेट संजय शाक्य तथा वाहिदपुर में विमलेश शाक्य के यहां भिक्षुओं का जलपान कराया गया और सभी ने भिक्षुओं से आशीर्वाद लिया।

गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज, मतापुर में भी हुआ स्वागत

धम्म यात्रा नाला बघार मार्ग से होते हुए मुरहास कन्हैया स्थित गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज मतापुर पहुंची। समिति के सदस्यों ने जगह-जगह पर भिक्षुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

80 भिक्षुओं की 600 किमी से अधिक लंबी धम्म यात्रा

धम्म यात्रा में शामिल भिक्षु कमल शील, भिक्षु राज रत्न एवं भिक्षु धम्म दीप पहले ही कार्यक्रम स्थल में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चुके थे। मीडिया से बातचीत में भिक्षु कमल शील ने बताया कि धम्मा लर्निंग सेंटर, सारनाथ के लगभग 80 भिक्षु इस यात्रा का हिस्सा हैं, जिनकी आयु 10 वर्ष से 75 वर्ष तक है।

उन्होंने बताया कि 41 वर्षीय भिक्खु चन्दिमा थेरो को चीवर धारण किए 30 वर्ष हो चुके हैं। यह धम्म यात्रा सारनाथ से संकिसा तक लगभग 600 किलोमीटर से अधिक की है।

पिछली धम्म यात्राओं का इतिहास

भिक्षु कमल शील के अनुसार, यह महासंघ द्वारा आयोजित चौथी बड़ी पदयात्रा है। इससे पहले—2022 – सारनाथ से लुंबिनी, 2022 – सारनाथ से श्रावस्ती, 2023 – सारनाथ से कुशीनगर, 2024 – सारनाथ से कुशीनगर —तक की धम्म यात्राएं सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।

धम्म यात्रा के आगमन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिकता, शांति और करुणा के संदेशों से सराबोर कर दिया। मार्ग में हर स्थान पर लोगों की भीड़, श्रद्धा और सेवा भावना ने इस महायात्रा को और भी विशिष्ट बना दिया।