फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने कर एवं करेत्तर की समीक्षा बैठक में दी सख्त चेतावनी — कम बसूली वाले विभागों को सुधार के निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 नवंबर 2025 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में कर एवं करेत्तर राजस्व की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की बसूली की स्थिति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, तथा आबकारी विभाग की बसूली लक्ष्य से काफी कम पाई गई। वहीं परिवहन विभाग और खनन विभाग की बसूली लक्ष्य से अधिक रही। जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को प्रवर्तन कार्यों में और सख्ती व तेजी लाने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की बसूली को संतोषजनक बताया गया, जबकि नगर पंचायत कंपिल, नगर पालिका कायमगंज, कमालगंज व फर्रुखाबाद नगर पालिका की बसूली लक्ष्य से कम पाई गई।

जिलाधिकारी डॉ. द्विवेदी ने निर्देशित किया कि जिन विभागों की बसूली कम है, वे राजस्व वृद्धि हेतु प्रभावी रणनीति अपनाएँ और प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाएँ। उन्होंने कहा कि खनन, वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं निबंधन, तथा मंडी विभाग प्रवर्तन कार्यों को बढ़ाएँ और राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड के पैरामीटर चेक करें और उनमें सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाएँ। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।