फर्रुखाबाद:डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बाढ़ प्रभावितों के बीच मनाई दीपावली, राहत सामग्री व उपहार वितरित किए

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अक्टूबर 2025 दीपावली के पावन अवसर पर ज़िले के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच खुशी बाँटने का एक मानवीय उदाहरण जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने सोमवार को कटरी धर्मपुर पहुँचकर बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत एवं खुशियों से भरी दीपावली मनाने हेतु खाद्य सामग्री, मिठाई, दीपक, तेल और फुलझड़ियाँ वितरित कीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल राहत पहुँचाना नहीं, बल्कि त्योहारों की खुशियाँ भी हर ज़रूरतमंद परिवार तक पहुँचाना है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान तहसीलदार सदर सनी कनौजिया समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम द्विवेदी ने बच्चों के साथ दीप जलाकर दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और सभी से पर्यावरण के अनुकूल तरीके से पर्व मनाने की अपील की।

स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की यह संवेदनशील पहल उनके लिए दीपावली की सच्ची रौशनी लेकर आई है।