कासगंज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कासगंज की मेधावी छात्राओं को सशक्त बनाने की पहल जारी है। इसी कड़ी में कक्षा 11 की छात्रा क्रिस्टी मौर्या को सोमवार को एक दिन के लिए कासगंज का जिलाधिकारी बनाया गया।
क्रिस्टी मौर्या, जो कि एनआर पब्लिक स्कूल कासगंज की छात्रा हैं, ने इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाया। डीएम कार्यालय में पहुंची फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जमीन से जुड़े विवाद पर आए एक प्रार्थना पत्र पर उन्होंने सदर एसडीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक ज्ञापन भी उन्होंने स्वीकार किया।
गौरतलब है कि क्रिस्टी मौर्या पढ़ाई में भी अव्वल रही हैं। उन्होंने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 95.6% अंक प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। वहीं क्रिस्टी मौर्या ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा और आगे चलकर वे समाज की सेवा करना चाहती हैं।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है। कासगंज में इस पहल को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
