फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 जिला बार एसोसिएशन फतेहगढ़ के अधिवक्ताओं ने सोमवार को बनारस के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए अधिवक्ता सुरक्षा एक्ट लागू किए जाने की मांग की। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्री शशि भूषण दीक्षित, वरिष्ठ अधिवक्ता कुंवर सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट महोदय को सौंपा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि हाल के दिनों में अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले बेहद चिंता का विषय हैं। वकालत सिर्फ एक पेशा नहीं बल्कि न्याय व्यवस्था की रीढ़ है। ऐसे में अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कानून लाना बेहद जरूरी है।
पूर्व पदाधिकारी शिवेंद्र मोहन मिश्रा (अधिवक्ता, बार एसोसिएशन फतेहगढ़) ने बताया कि जब तक अधिवक्ता सुरक्षा एक्ट लागू नहीं होगा, अधिवक्ताओं पर हो रहे उत्पीड़न और हमले रुकना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज और न्यायालय के बीच सेतु का काम करता है, ऐसे में उसकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री से अपील की कि जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा एक्ट लागू कर अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी भी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
