फर्रुखाबाद:वित्तीय समावेशन अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 सितंबर 2025 भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, शाखा रजीपुर द्वारा वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत सिंघिरामपुर एवं ग्राम पंचायत भटपुरा आजाद नगर में दो वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लगभग 250 ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक से शमशुद्दीन, अग्रणी जिला प्रबंधक वी.डी. वर्मा, नाबार्ड जिला प्रबंधक मितेश यादव, क्षेत्रीय कार्यालय से प्रबंधक अजय कुमार, वित्तीय समावेशन प्रबंधक अलका, शाखा रजीपुर प्रबंधक अनूप कुमार तिवारी, सहायक प्रबंधक शशि कुमार तिवारी एवं वित्तीय साक्षरता सलाहकार मोहित त्रिवेदी उपस्थित रहे।

शिविरों में ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना शामिल थीं। साथ ही खातों को सक्रिय बनाए रखने के लिए KYC प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करने पर जोर दिया गया।

भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारी शमशुद्दीन ने ग्रामीणों को अपने बैंक खातों में KYC, नॉमिनी एवं मोबाइल नंबर जोड़ने की महत्ता समझाई। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए और सतर्कता बरतने की अपील की।

इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को वित्तीय योजनाओं से जोड़ना और बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना रहा।