फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति एवं बाल विवाह जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, बाल विवाह एवं बाल श्रम रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठक हर तीन माह नियमित रूप से कराई जाए, ताकि जमीनी स्तर पर बच्चों से जुड़े मामलों की निगरानी और समाधान समय पर हो सके।
बैठक में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 38 आवेदनों को डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही, जिलाधिकारी ने जिला परिषद अधिकारी को निर्देश दिए कि बाल श्रम रोकथाम के लिए श्रम विभाग, पुलिस विभाग और महिला कल्याण विभाग की संयुक्त टीम बनाकर विशेष अभियान चलाया जाए।
बाल विवाह से जुड़े एक प्रकरण पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ जिला अभियोजन अधिकारी से परामर्श लेकर तत्काल निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
