कन्नौज:जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण, महिला बैरक में फल वितरित व किया पौधरोपण

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज) 31 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा आज जिला कारागार कन्नौज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कारागार की समस्त बैरकों एवं बंदियों की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान महिला बैरक में सभी महिला बंदियों को फल वितरित किए गए। साथ ही जेल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक ने अवगत कराया कि कारागार में नियमित रूप से चेकिंग की जाती है और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जेल के भीतर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु न पहुंचे। इसके लिए सुरक्षात्मक उपायों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

साथ ही निर्देशित किया गया कि जेल में आने वाले नए कैदियों का अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बीमारी का समय रहते पता चल सके।

पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से कारागार का निरीक्षण करते रहें और बंदियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें। साथ ही समय-समय पर उच्चाधिकारियों को इससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं।

इस औचक निरीक्षण से जेल प्रशासन में सजगता बढ़ी है और इससे सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।