(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 रेलवे रोड के अधूरे निर्माण और बिजली पोल शिफ्टिंग कार्य की धीमी प्रगति को लेकर शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के व्यापारियों ने चौक बाजार में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह धरना दोपहर बाद अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। धरने के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि रेलवे रोड पर बिजली के पोल शिफ्टिंग का काम समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
विद्युत विभाग ने दिया दो माह में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन
अधिशासी अभियंता ने लिखित रूप से बताया कि रेलवे रोड पर विभाग द्वारा पोल शिफ्टिंग का कार्य प्रगति पर है और यदि किसी प्रकार की बाधा न आई तो यह कार्य अगले दो माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। यदि तय समय सीमा में कार्यदायी संस्था कार्य पूरा करने में विफल रहती है, तो उसके परिश्रमिक में कटौती की जाएगी।
पालिका ने एक सप्ताह में सड़क निर्माण शुरू करने का दिया भरोसा
नगर पालिका के ईओ विनोद कुमार ने स्पष्ट किया कि जैसे ही विद्युत विभाग द्वारा पोल और लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा होता है, उसके एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
फेडरेशन ने जताई संतुष्टि, स्थगित किया अनिश्चितकालीन धरना
अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल ने अपना अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि यदि तय समय में कार्य पूरा नहीं हुआ, तो फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
धरने में प्रमुख रूप से मौजूद रहे:
मनोज मिश्रा, अनूप मिश्रा, विमलेश मिश्रा, सूर्य प्रकाश भारद्वाज, मोहित अग्रवाल, नारायण सारस्वत, हरिओम वाल्मीकि सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने एकजुटता के साथ प्रशासन को चेतावनी दी कि व्यापारिक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह मुद्दा व्यापारियों और आम जनमानस से जुड़ा हुआ है। यदि वादे के अनुसार कार्य नहीं हुआ तो आंदोलन का अगला चरण और अधिक व्यापक हो सकता है।
