पीलीभीत:घाटमपुर में नेकी की दीवार संस्था, एसएसबी, वन और पुलिस विभाग ने किया पौधारोपण

पूरनपुर। नेकी की दीवार संस्था के प्रयास व एसएसबी और वन विभाग के सहयोग से इस बार भी पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधारोपण किया गया। घाटमपुर त्रिवेणी घाट पर गोमती नदी के किनारे कई प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे रोपित किए गए। पौधारोपण कर धरा को हरा-भरा रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। लगाए गए पौधों की देखरेख करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। त्रिवेणी घाट पर छायादार और फलदार पौधों से प्राकृतिक सुंदरता और बढ़ेगी।
पीलीभीत जिले के प्राकृतिक सौंदर्यकरण को बनाए रखने के लिए नेकी की दीवार संस्था की तरफ से समय-समय पर पौधारोपण कराया जाता है। हर साल की तरह इस साल भी विश्व पर्यावरण दिवस पर संस्था द्वारा वृहद पौधारोपण कराने के लिए कई दिनों से तैयारी चल रही थी। पूरनपुर के गांव घाटमपुर में त्रिवेणी घाट पर पांच सौ पौधे रोपित करने के लिए एक दिन पहले ही गड्ढे लगवा दिए गए थे। सोमवार को पर्यावरण दिवस पर संस्था की पहल पर पौधारोपण किया गया। इसमें 49वीं वाहिनी एसएसबी के इंपेक्टर राम सिंह व उनकी टीम, वन विभाग और पुलिस विभाग ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बाबूराम पासवान और रायल किंगडम की छवि सोहता ने नगर के महेंद्रा स्टेट फेस वन पौधा लगाकर किया। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। बतादें कि छवि सोहता नारी सम्मान और सशक्तीकरण पर विशेष जोर दे रही हैं। इसको लेकर वह समय-समय पर कार्यक्रम और अभियान भी चलाती हैं। नगर के महेंद्रा स्टेट फेस वन के अलावा त्रिवेणी घाट पर बाटल, व्रश, केसिया, सेमिया, पेल्टो फोरम, आंवला, जामुन, कचनार, पीपल, अमरूद सहित कई प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे रोपित किए गए। इस अभियान में ग्रामीणों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। पौधारोपण के साथ ही धरा को हरा-भरा रखने और पर्यावरण सरंक्षण का संकल्प भी लिया गया। नेकी की दीवार संस्था के गुरमेल सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन साथी हैं। पेड़ पौधों से ही हमें प्राणवायु और जीवन के लिए कई प्रकार के साधन मिलते है। जीव-जंतुओं का भोजन और आवास इन्हीं पेड़ पौधों पर निर्भर है। इसी निर्भरता और प्रकृति के सौन्दर्य को देखते हुए समय-समय पर पौधारोपण किया जाता रहता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल पर्यावरण दिवस पर 15 सौ और इससे पहले दो हजार पौधे रोपित किए गए थे। पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। भविष्य में भी इस तरह से कार्यक्रम किए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पौधारोपण अभियान में एसएसबी और वन विभाग का काफी सहयोग रहा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष हर्ष प्रधान, अमनदीप सिंह, कपिल कक्कड़, युवराज सिंह, डा. दिनेश गुप्ता, शलभ सक्सेना, रिशी सक्सेना, रवि सक्सेना, अमृतपाल सिंह, रिक्की गुप्ता, पूर्व रेंजर राजाराम शर्मा सहित एसएसबी, वन विभाग के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।