फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जून 2026 जनपद की कोतवाली कायमगंज पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपी रोहित उर्फ भीमा तथा उसके सहयोगी बालकिशन को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली कायमगंज में दिनांक 21 जून 2026 को मु0अ0सं0 163/2026 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। यह मुकदमा ग्राम चिल्सरी निवासी शिवोज पुत्र कर्मवीर की तहरीर पर पंजीकृत किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनके बड़े भाई दीपचन्द्र उर्फ पंखिया की हत्या कर शव को आम के बाग में पेड़ से लटका दिया गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और नामजद आरोपी रोहित उर्फ भीमा पुत्र महेशचन्द्र निवासी ग्राम चिल्सरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान रोहित ने अपने साथी बालकिशन पुत्र धनपाल निवासी ग्राम ऐरई थाना जसरथपुर जनपद एटा के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बालकिशन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी गवाही बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी रोहित ने बताया कि लगभग पांच-छह वर्ष पूर्व गांव के एक बुजुर्ग झम्मन राठौर की मृत्यु से जुड़े एक मामले में मृतक दीपचन्द्र ने उसके खिलाफ पुलिस को गवाही दी थी। इसी बात को लेकर वह दीपचन्द्र से रंजिश रखता था।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी बालकिशन के साथ मिलकर दीपचन्द्र का गला अंगोछे से कस दिया और उसे आम के पेड़ से लटका दिया। आरोपियों ने मृतक के चेहरे पर भी कई घूंसे मारे, जिससे उसके नाक और मुंह से खून निकलने लगा। घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को पेड़ पर लटका छोड़कर दोनों फरार हो गए थे।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी रोहित उर्फ भीमा के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में धारा 304, 323, 504 आईपीसी तथा वर्ष 2022 में धारा 307, 323 आईपीसी के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई को कोतवाली कायमगंज प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक लालजी यादव, कांस्टेबल आकाश बाजपेई तथा कांस्टेबल अनूप कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
