फर्रुखाबाद:व्यापारी समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस-प्रशासन गंभीर, व्यापारी प्रकोष्ठ की बैठक में सुनी गईं समस्याएं

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित कर जिले के व्यापारी बंधुओं के साथ संवाद किया।

बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित व्यापारियों से उनकी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं एवं व्यापार संचालन में आने वाली कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर गंभीरता से चर्चा की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा पुलिस विभाग की प्राथमिकता है तथा किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment