फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती सुनीता सैनी ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान जिले की 10 महिलाओं ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
माननीय सदस्या ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सुनीता सैनी ने विकास खंड कमालगंज के ग्राम महरूपुर बीजल में आयोजित जागरूकता चौपाल में भी भाग लिया। उन्होंने महिलाओं एवं ग्रामीणों को महिला अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित सेवाओं की समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
माननीय सदस्या ने जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, परियोजना निदेशक, चाइल्ड हेल्पलाइन, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW), वन स्टॉप सेंटर, दत्तक ग्रहण इकाई के कार्मिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य महिला आयोग की इस पहल को महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
