फर्रुखाबाद में खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला-मेला आयोजित, मंत्री जयवीर सिंह ने किसानों को किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मधुवन रिसोर्ट, कमालगंज रोड स्थित सभागार में जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला-मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री जयवीर सिंह एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा फीता काटकर सूचना विभाग की ओर से लगाई गई केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हरित क्रांति ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया, लेकिन रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित खेती अपनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों को भविष्य की पीढ़ियों के हित में प्राकृतिक खेती को अपनाने की सलाह दी।

उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती और जैविक खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को अपनी भूमि के एक हिस्से पर प्राकृतिक खेती शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री एवं जिलाधिकारी द्वारा 8 किसानों को बीज मिनीकिट, 5 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा 5 किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नैपसेक स्प्रेयर वितरित किए गए। लाभार्थी किसानों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने किसानों से विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर नवीन कृषि तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

Leave a Comment