फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद में शुक्रवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए नोडल प्रधानाचार्य श्री राजवीर सिंह ने रोजगार मेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री सचिदानन्द सागर ने किया।
रोजगार मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से कुल 509 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 39 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने प्रतिनिधियों के साथ भागीदारी की। चयन प्रक्रिया के दौरान 86 अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप तथा 276 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। इस प्रकार कुल 362 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त हुए।
मेले के सफल आयोजन में अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट प्रभारी श्री रंजीत कुमार सुमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त कार्यदेशक श्री ब्रजेश कुमार, श्री राजकिशोर महतो तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद, कायमगंज एवं अमृतपुर के समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए गए, जिससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को नई दिशा और बेहतर भविष्य की संभावनाएं प्राप्त हुई हैं।
