सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भारत की तरक्की का जिक्र करते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कुछ समय में लिए गए फैसलों को रेखांकित किया। उन्होंने गुजरात के साणंद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘आज का ये कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारत जो ठान लेता है, वो करके दिखाता है। पांच साल पहले भारत ने संकल्प लिया था कि देश को सेमीकंडक्टर हब बनाएंगे। हम डिजाइन इन इंडिया, मेक इन इंडिया के मंत्र को लेकर आगे बढ़े हैं और आज देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में भी चिप पैकेजिंग का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो रहा है।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 2024 में इस प्लांट का शिलान्यास करने का अवसर मुझे मिला था। 2025 के अगस्त महीने में यहां टेस्टिंग चिप का काम शुरू हुआ, और आज इस प्लांट का उद्घाटन हो गया है। शिलान्यास से प्रोडक्शन तक का ये सफर… निश्चित रूप से अनेक साथियों के परिश्रम का परिणाम है। सीजी सेमी (CG Semi) का ये प्लांट… भारत, जापान और थाईलैंड के हमारे इंडस्ट्री पार्टनर्स के साझा प्रयासों का भी प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा, ‘ये केवल एक बिजनेस वेंचर्स नहीं है, ये टेक्नोलॉजी, भरोसे और साझेदारी का ऐसा मॉडल है जो भारत की सेमीकंडक्टर जर्नी को नई गति देने वाला है। पांच साल पहले, भारत ने ग्लोबल सेमीकंडक्टर हब बनने का संकल्प लिया था। ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन से प्रेरित होकर, हम लगातार आगे बढ़े हैं। आज, देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में कमर्शियल चिप पैकेजिंग का प्रोडक्शन शुरू हो गया है।
साणंद के इस प्लांट में उत्पादन शुरू होने की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मुझे बताया गया है कि अभी यहां से हर साल 20 करोड़ चिप निकलेंगे। मेरा पक्का विश्वास है कि आप उसे जल्द हासिल करके रहेंगे। ये भरोसा इस बात का भी है कि सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम (Semicon India programme) तेज गति पकड़ रहा है। चरणबद्ध तरीके से हुए विकास का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘स्टेप बाय स्टेप, ब्रिक बाय ब्रिक और अब चिप बाय चिप, मैं सीजी सेमी की पूरी टीम को बहुत बहुत बधाई देता हूं।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग का विस्तार अचानक नहीं हुआ। ये पिछले एक दशक में, भारत में आई इलेक्ट्रॉनिक क्रांति का अगला कदम है। पहले उत्पाद, फिर कंपोनेंट और अब सेमीकंडक्टर… यानी इलेक्ट्रॉनिक्स की पूरी वैल्यू चेन भारत में होगी।’ बकौल पीएम मोदी, ‘यही विकसित भारत का रोडमैप है… यही मेक इन इंडिया का अगला चरण है।
