फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जनवरी 2026 तहसील सदर की ग्रामसभा बुढ़नामऊ, विकास खंड बढ़पुर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इस अवसर पर साइबर अपराध से बचाव के उपायों को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि एसआईआर के अंतर्गत 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। इसके साथ ही फार्मर रजिस्ट्री कराने, 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा फैमिली आईडी बनवाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा गरीब एवं निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
