पाकिस्तान क्रिकेट से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. इंग्लैंड दौरे पर गए पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली को UK पुलिस ने रेप केस के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है. उन पर आपराधिक मामला दर्ज कर उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है, अगर उन्हें जमानत मिलती भी है तो शायद इसी शर्त पर मिलेगी कि वह जांच पूरी होने तक देश नहीं छोड़ सकते. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी उन्हें सस्पेंड कर दिया है.
पाकिस्तान ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए 24 साल के हैदर अली के खिलाफ पुलिस को 4 अगस्त को एक शिकायत मिली थी. Reuters ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जब इस बारे में पुलिस से पूछा गया तो ग्रेटर मेनचेस्टर पुलिस ने एक ईमेल के जरिए बताया कि, “सोमवार 4 अगस्त 2025 को बलात्कार की रिपोर्ट मिलने के बाद, हमने एक 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.”
अली पाकिस्तान ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए थे, जहां उनकी टीम के मुकाबले इंग्लैंड लायंस के साथ चल रहे थे. दोनों के बीच बैकेनहेम ग्राउंड पर मैच चल रहा था, ये वही ग्राउंड है जहां पर भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर सबसे पहले अभ्यास कर रही थी. यहीं से मैनचेस्टर पुलिस ने अली को गिरफ्तार किया.
अली के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है. बोर्ड ने अपने बयान में कहा, “हमें पता चला है कि ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने अली के खिलाफ आपराधिक मामले में जांच कर रही है, जो इंग्लैंड में हुई घटना से जुड़ी हुई है. प्लेयर्स के हक़ को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने अली को इस पूरी प्रक्रिया के समय कानूनी सहायता उपलब्ध कराई है. वह जांच पूरी होने तक सस्पेंड रहेंगे. एक बार पूरी जांच होने के बाद स्थिति साफ़ हो जाए तो PCB किसी भी तरह की कार्यवाई का हक रखती है.”
