पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का किया गया त्वरित निस्तारण
कासगंज, 27 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, कासगंज में जनपद के पूर्व सैनिकों, वीरनारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन तथा अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु स्पर्श पेंशन मेले का आयोजन किया गया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर जगवीर सिंह ने बताया कि स्पर्श पेंशन मेले में मुख्यालय उत्तर भारत एरिया, बरेली एवं स्टेशन हेडक्वार्टर, आगरा से आई वेटरन्स ब्रांच की टीम द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की पेंशन तथा पारिवारिक पेंशन से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। साथ ही स्पर्श पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया।
मेले में ईसीएचएस स्मार्ट कार्ड, जीवन प्रमाण पत्र तथा पूर्व सैनिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
स्पर्श पेंशन मेले में लगभग 60 से 70 पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं उनके परिजनों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याओं का समाधान कराया। समस्याओं के त्वरित निस्तारण से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर जगवीर सिंह ने मेले के सफल आयोजन एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान हेतु कर्नल संजय कुमार, एएजी वेटरन्स, मुख्यालय उत्तर भारत एरिया, बरेली, सूबेदार मेजर पीसी शर्मा एवं उनकी 8 से 10 सदस्यीय टीम का आभार व्यक्त किया।