Tuesday, 27 October 2026 | 11:47 PM
उत्तर प्रदेश

लखनऊ:मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस इलाज की सुविधा, AB-PMJAY पोर्टल Go-Live करने की सहमति

लखनऊ में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में AB-PMJAY पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण हुआ। मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड के लिए विवरण एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
Share:
लखनऊ:मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस इलाज की सुविधा, AB-PMJAY पोर्टल Go-Live करने की सहमति

लखनऊ:(द दस्तक 24) 27 अक्टूबर 2026 सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकसित नवीन पोर्टल के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बैठक के दौरान सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के लिए विकसित पोर्टल को Go-Live किए जाने की सहमति प्रदान की। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के Process Flow का प्रस्तुतिकरण किया।

प्रशिक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया, आवेदन, सत्यापन तथा कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमो के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के विभिन्न जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए सरल एवं सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का त्वरित लाभ मिल सके।

उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर विवरण अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराई जा सके।

सूचना निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।