Wednesday, 28 October 2026 | 12:55 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेंगे- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संकिसा बौद्ध स्तूप के दर्शन कर भगवान बुद्ध को नमन किया। उन्होंने संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही।
Share:
फर्रुखाबाद: संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेंगे- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

फर्रुखाबाद/संकिसा:(द दस्तक 24) ऐतिहासिक एवं पवित्र बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा की धरती पर मंगलवार को केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरन रिजिजू पहुंचे। उन्होंने भगवान बुद्ध की पावन धरा पर पहुंचकर बौद्ध स्तूप के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर आयोजित अभिधम्म महोत्सव में देश-विदेश से आए बौद्ध भिक्षुओं, विद्वानों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संकिसा बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल है। इसे देश-विदेश के बौद्ध पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही।

संकिसा को बौद्ध धर्म के आठ महान पवित्र तीर्थस्थलों में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। बौद्ध परंपराओं के अनुसार भगवान बुद्ध अपनी माता रानी महामाया को त्रायस्त्रिंश स्वर्गलोक में अभिधम्म की शिक्षा प्रदान करने के बाद इसी स्थान पर पृथ्वी पर अवतरित हुए थे। इसी कारण संकिसा का बौद्ध धर्म में विशेष आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि बाद में सम्राट अशोक ने यहां स्तंभ भी स्थापित कराया था।

सैफई हवाई पट्टी पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संकिसा के विकास को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि संकिसा को ऐसा स्वरूप दिया जा सकता है, जिससे भारत के साथ-साथ विभिन्न देशों से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत, भोगांव विधानसभा के विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, एटा विधानसभा के पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, भाजपा मैनपुरी जिलाध्यक्ष ममता सिंह राजपूत, यूथ बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र बौद्ध, ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष सुब्रोतो बरुआ, यूथ बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के पैट्रन महेश प्रकाश गुप्ता, जनरल सेक्रेटरी भिक्षु डॉ. उपानंद, श्रावस्ती कल्याण मित्र फाउंडेशन के निदेशक भंते देवेंद्र सहित भारत एवं विभिन्न देशों के बौद्ध भिक्षु, विद्वान, विद्यार्थी और बौद्ध समुदाय के विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

महोत्सव के दौरान भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया। संकिसा के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावनाओं से स्थानीय स्तर पर पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

557923
557924