फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के कर्मियों ने जनपद स्थित एक टायर स्क्रैप फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर करीब 10 घंटे तक लगातार अभियान चलाकर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया। आग की गंभीरता को देखते हुए फतेहगढ़ के साथ संकिसा, मैनपुरी और कन्नौज से अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाया गया। अभियान में कुल छह फायर टेंडर और दो जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई।
जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4:05 बजे टायर स्क्रैप फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा फतेहगढ़ से तीन फायर टेंडर तथा संकिसा में ड्यूटी पर तैनात एक फायर टेंडर को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आग की विकरालता को देखते हुए जनपद मैनपुरी और कन्नौज से भी एक-एक फायर टेंडर सहायता के लिए भेजा गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर आग पूरे फैक्ट्री परिसर में भयावह रूप से फैली हुई थी। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल हौज फैलाकर सभी फायर टेंडरों को रणनीतिक रूप से तैनात किया और चारों तरफ से आग को घेरते हुए पंपिंग शुरू की। टायर स्क्रैप की अत्यधिक मात्रा और उसकी ज्वलनशील प्रकृति के कारण आग पर नियंत्रण पाना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
आग से उठ रहे विषैले धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों ने ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट का प्रयोग करते हुए अंदरूनी हिस्सों में पहुंचकर कार्रवाई की। जेसीबी की सहायता से जलते और सुलगते टायर स्क्रैप को हटाया गया, जिसके बाद अंदरूनी हिस्सों में प्रभावी तरीके से पानी डालकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। आग दोबारा न भड़क उठे, इसके लिए सुलगते हुए पदार्थों को चिन्हित कर उन्हें भी बुझाया गया।
लगभग 10 घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार के निर्देशन तथा प्रभारी अग्निशमन केंद्र प्रांशु अवस्थी के नेतृत्व में अग्निशमन टीम ने लगातार कार्य किया। अभियान में लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार एवं ओमवीर सिंह (कन्नौज) सहित छह चालक और 16 फायरमैन शामिल रहे।
अभियान के दौरान विभिन्न जनपदों से पहुंचे अग्निशमन वाहनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। घटनास्थल पर मौजूद उच्चाधिकारियों और पुलिस बल के साथ भी आवश्यक तालमेल बनाए रखा गया। पास में संचालित दूसरी फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज से पानी की लगातार आपूर्ति कराई गई, जिससे अग्निशमन कार्यवाही निर्बाध रूप से जारी रही।
आग पर पूर्ण नियंत्रण के बाद अग्निशमन टीम ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया और शेष सुलगते पदार्थों को भी बुझाया। इस दौरान आग के दोबारा भड़कने की आशंका को समाप्त करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गईं।
अग्निशमन विभाग के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि या कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। मौके पर थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
भीषण आग के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने साहस, सतर्कता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। विभिन्न जनपदों से प्राप्त अग्निशमन संसाधनों और जेसीबी की सहायता से चलाया गया समन्वित अभियान आग पर नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा ने जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए विभाग तत्पर है।
