कफ सिरप मामले में घिर गए सपा प्रमुख अखिलेश यादव

कोडिनयुक्त कफ सिरप मामले में वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोल दिया है। सुरेश खन्ना ने कहा कि अखिलेश यादव आरोपियों को बचाना चाहते हैं। जिस तरह से उनकी फोटो आरोपी के साथ सामने आई है, उस पर अखिलेश यादव को देश को यह बताना चाहिए कि उनका इनके साथ क्या संबंध है देश यह जवाब चाहता है। साथ ही सुरेश खन्ना ने कहा कि जैसे-जैसे एसआईटी की जांच बढ़ेगी, इसमें जितने लोग भी शामिल पाए जाएंगे, उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी और माफिया एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। कोडिन कफ सिरप के पीछे जो भी दोषी होगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और ईडी की जांच जारी है। अखिलेश यादव किसी को नहीं बचा सकते हैं।

यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी की सरकार, चाहें वो दिल्ली की हो या उत्तर प्रदेश की, अपराध और अपराधियों के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति होती है। जो भी दोषी व्यक्ति होंगे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।