सीतापुर: प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल गिरफ्तार

सीतापुर। थाना सदना पुलिस ने युवती की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विशाल पाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस की नियंत्रित कार्रवाई में वह घायल हो गया।पुलिस के अनुसार, दिनांक 8 जून 2026 को थाना सदना पुलिस टीम आरोपी विशाल पाल को साथ लेकर घटना से जुड़े अन्य साथियों की तलाश एवं आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान ग्राम रामपुर मड़िया रोड किनारे स्थित यूकेलिप्टस के बाग के पास आरोपी विशाल पाल ने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। आत्मरक्षा एवं गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल पाल पुत्र बन्नू पाल निवासी ग्राम सरैया, थाना सदना, जनपद सीतापुर ने बताया कि उसका मृतका मानसी के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच अवैध संबंध होने के कारण युवती लगभग तीन माह की गर्भवती हो गई थी।आरोपी के अनुसार, 25 मई 2026 को वह मानसी को सिधौली से बाइक पर बैठाकर लखनऊ के थाना बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित किसान पथ के अंदर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां दोनों के बीच शादी करने और साथ रहने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आवेश में आकर विशाल ने मानसी का गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने और हत्या को दुर्घटना दर्शाने के उद्देश्य से उसने पास में पड़ा सीमेंट का पिलर युवती के गले पर रख दिया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर अगले दिन अपने घर लौट आया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।पुलिस ने बताया कि मामले में थाना सदना पर मुकदमा संख्या 136/26, धारा 87 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। आरोपी से आगे की पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment