गायक जुबीन गर्ग मौत मामले की जांच अब अंतिम चरण में?

असम के लोकप्रिय संगीतकार और सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग की मौत से जुड़ी जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। असम पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) 12 दिसंबर को इस मामले में अपनी पहली चार्जशीट अदालत में दाखिल करेगी। जांच एजेंसियों ने पिछले दो महीनों में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिनके आधार पर अब केस एक महत्वपूर्ण दिशा की ओर बढ़ रहा है। 19 सितंबर को सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) में हिस्सा लेने गए जुबीन गर्ग की समुद्र में तैराकी के दौरान मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद इसे दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना माना गया, लेकिन असम में 60 से अधिक एफआईआर दर्ज होने के बाद सीआईडी ने इस मामले की विशेष जांच शुरू की। ज़ुबीन गर्ग असम में केवल एक गायक नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक संस्था माने जाते थे, इसीलिए उनकी मौत ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था।