Tuesday, 13 October 2026 | 5:18 AM
भारत

गया कालेज में सेमिनार हुआ संपन्न

Share:
गया कालेज में सेमिनार हुआ संपन्न
Read in your preferred language.
मनोविज्ञान विभाग में ‘लाइफ कोचिंग टू ट्रांसफॉर्म लाइफ’ विषय पर सेमिनार

गया से द दस्तक 24 प्रतिनिधि मृत्युंजय दयाल 
गया,12 अक्टूबर।
गया कॉलेज, गया के मनोविज्ञान विभाग में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर, सफल और उद्देश्यपूर्ण बनाने के उद्देश्य से ‘लाइफ कोचिंग टू ट्रांसफॉर्म लाइफ’ विषय पर एक प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने की। सेमिनार में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं मेंटोर डॉ. नंदन कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को सफलता के तीन प्रमुख सूत्र—क्लैरिटी (स्पष्टता), कमिटमेंट (प्रतिबद्धता) और कंसिस्टेंसी (निरंतरता)—के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उनके प्रेरणादायक संबोधन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

वहीं, बहुचर्चित वक्ता सुनीता कुमारी ने विद्यार्थियों को जीवन में जागरूकता और सक्रियता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति स्वयं के प्रति जागरूक नहीं होता, तब तक वह अपने जीवन का सही लक्ष्य निर्धारित नहीं कर सकता। लक्ष्य की पहचान के साथ उसे प्राप्त करने के लिए ठोस कदम उठाना भी आवश्यक है।

मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और जीवन कौशल को बेहतर बनाने में इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. मार्कण्डेय पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गौरव का दिन है। इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा चुनने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर डॉ. रामदेव प्रसाद, डॉ. आशा कुमारी, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. विशाल यादव, श्री अमर कुमार एवं श्री लक्ष्मी प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और वक्ताओं के विचारों से प्रेरणा प्राप्त की।