Tuesday, 13 October 2026 | 5:18 AM
भारत

गया: शेरघाटी में अतिक्रमण हटाया गया

Share:
गया: शेरघाटी में अतिक्रमण हटाया गया
Read in your preferred language.
–शेरघाटी में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, –अहमद वस्त्रालय की पक्की दुकान भी ध्वस्त
–ओवरब्रिज के नीचे मीट-मछली की दुकानों और फुटपाथ पर कब्जे के खिलाफ नगर परिषद की कार्रवाई, जाम से निजात दिलाने की पहल
शेरघाटी से कौशलेंद्र कुमार की रिपोर्ट
द दस्तक 24, शेरघाटी (गया) : शहर में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। कार्यपालक पदाधिकारी प्रियदर्शनी के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने नई बाजार तिराहे के पास शेरघाटी ओवरब्रिज के नीचे बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान मीट-मछली की दुकानों के साथ फुटपाथ पर दुकान लगाकर सड़क को संकीर्ण करने वाले अतिक्रमणकारियों के कब्जे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान लंबे समय से बनी अहमद वस्त्रालय की पक्की दुकान को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
नगर परिषद के इस अभियान से अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों के बीच अफरातफरी मच गई। टीम के मौके पर पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। कार्रवाई के दौरान सड़क और सार्वजनिक जमीन पर बनाए गए अस्थायी ढांचों तथा अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके कब्जे बुलडोजर की मदद से हटाकर स्थल को खाली कराया गया। अभियान की कार्रवाई नगर परिषद के सिटी मैनेजर साबिर अंसारी की देखरेख में की गई।
अतिक्रमण से लगता था जाम
शहर के व्यस्त नई बाजार तिराहे और ओवरब्रिज के नीचे सड़क किनारे दुकानों के फैलाव तथा फुटपाथ पर कब्जे के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों और राहगीरों को परेशानी होती थी। व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती थी। इसी समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
सिटी मैनेजर साबिर अंसारी ने कहा कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद लगातार अभियान चला रही है। सार्वजनिक सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, उपमुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी ने कहा कि शहरवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से सड़क और फुटपाथ खाली होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। उल्लेखनीय हो कि एसडीएम जतिन कुमार के निर्देश के बाद नगर परिषद शेरघाटी के कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शनी एवं पार्षदों की बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से नगर को अतिक्रमण मुक्त किए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत लगातार अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी है।