सरफराज खान पर IPL 2026 मिनी ऑक्शन में बड़ी बोली लग सकती है. उनकी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 64 रनों की तूफानी पारी कुछ ऐसा ही संकेत दे रही है. आज सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई और हरियाणा का मैच खेला गया, जिसमें सरफराज ने मात्र 25 गेंदों में 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनकी यह पारी टीम मालिकों को आकर्षित करने के लिए काफी प्रतीत होती है.
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के सुपर लीग मैच 12 दिसंबर से शुरू हो गए थे. सुपर लीग के पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ सरफराज केवल 5 रन बना पाए थे, लेकिन हरियाणा के गेंदबाजों की उन्होंने जमकर धुनाई कर डाली. उन्होंने हरियाणा के खिलाफ 18 गेंदों में सुपरफास्ट अंदाज में फिफ्टी लगाई. उन्होंने 25 गेंद में 64 रन की पारी खेली, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 256 का रहा. इस पारी में उनके बल्ले से 9 चौके और 3 छक्के निकले.
इस मुकाबले में हरियाणा ने पहले खेलते हुए 234 रन बनाए थे. हरियाणा के लिए कप्तान अंकित कुमार ने 89 रन और निशांत सिंधू ने 63 रन की पारी खेली. इसके जवाब में मुंबई ने तूफानी शुरुआत की. इसी बीच सरफराज खान ने मुंबई के लिए ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल के साथ 37 गेंद में 88 रनों की पार्टनरशिप की. जायसवाल ने इस मैच में 50 गेंद में 101 रनों की शतकीय पारी खेली. मुंबई ने 15 गेंद शेष रहते इस विशाल लक्ष्य को हासिल कर लिया. इस टी20 मैच में कुल 472 रन बने.
IPL 2026 की नीलामी 16 दिसंबर को अबू धाबी में होनी है, जिसके लिए 1000 से भी ज्यादा खिलाड़ियों में से सिर्फ 350 शॉर्टलिस्ट हुए थे. नीलामी में कुल 350 खिलाड़ियों का नाम बोला जाएगा, जिनमें सरफराज खान का नाम सबसे पहले सेट में शामिल है. ऑक्शन लिस्ट के पहले सेट में सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, डेवोन कॉनवे और जेक फ्रेजर मैकगर्क का नाम है.
