फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 जनपद में रोडवेज बस चालकों और कंडक्टरों की मनमानी का मामला सामने आया है, जहां लोकल यात्रियों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर की मिलीभगत से शाम के समय बाईपास क्षेत्रों पर खड़े महिला यात्रियों को बसों में नहीं बैठाया जा रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, कायमगंज बाईपास स्थित जसमई चौराहा निवासी जीतराज राजपूत ने इस संबंध में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी मैडम व बच्चों को फैजबाग, कायमगंज जाने के लिए शाम करीब 7:00 बजे से 8:00 बजे तक बाईपास चौराहे पर खड़े रहे एवं अन्य महिलाएं भी खड़ी रही, लेकिन इस दौरान कई रोडवेज बसें हाथ देने के बावजूद नहीं रुकीं।
जीतराज के अनुसार, बस चालकों और परिचालकों ने साफ तौर पर कहा कि वे केवल लंबी दूरी की सवारियां ही बैठाएंगे, लोकल यात्रियों को नहीं ले जाएंगे। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि वे किसी प्राइवेट वाहन से अपने गंतव्य तक जाएं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान कई अन्य महिलाएं भी वहां बस का इंतजार कर रही थीं, जिन्हें इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ी। इस पूरी घटना से नाराज होकर जीतराज ने तीन बसों के कंडक्टरों ने बस रोककर लगभग 5-10 मिनट बात भी की और नंबर भी नोट किए और उनके फोटो लिए। जिन बसों पर आरोप है, उनके नंबर इस प्रकार हैं:
UP78JT8490, UP78KT2824, UP78LN2247
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, बस स्टेशन और संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों से भी की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जीतराज राजपूत ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बस चालकों और कंडक्टरों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम यात्रियों को सुविधा मिल सके और वे समय पर अपने घर पहुंच सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से जारी है। खासकर शाम के समय लोकल यात्रियों को बसों में जगह नहीं दी जाती, जिससे उन्हें मजबूरन महंगे प्राइवेट साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या कदम उठाता है और क्या आम जनता को राहत मिल पाती है या नहीं।
