फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मई 2026 जनपद के सेण्ट पॉल्स ब्राइटन एकेडमी में शनिवार, 16 मई 2026 को छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक श्री सत्येंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के नियमित प्रयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।सत्र में विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित ‘राहगीर योजना’ की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक फरिश्ते) को सरकार द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। साथ ही दुर्घटना पीड़ित को ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने यातायात विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए बेहद उपयोगी बताया।
फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित, विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दिलाई शपथ
