फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और हेलमेट न पहनने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक सुशील शाक्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश में 50,769 सड़क दुर्घटनाओं में 27,205 लोगों की मौत हुई थी। वहीं फर्रुखाबाद में वर्ष 2025 के दौरान 490 सड़क दुर्घटनाओं में 284 लोगों की जान गई और 379 लोग घायल हुए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के मई माह तक दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि वर्ष 2026 में मई तक हुई 214 सड़क दुर्घटनाओं में 140 मामलों में दोपहिया वाहन शामिल रहे। इन दुर्घटनाओं में 80 दोपहिया सवारों की मौत हुई, जबकि 119 लोग घायल हुए। हेलमेट का उपयोग न करना मौतों का प्रमुख कारण पाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में मई तक पुलिस ने 30 हजार से अधिक चालान किए हैं। वहीं हिट एंड रन मामलों में भी चिंता बढ़ी है। वर्ष 2026 में मई तक 45 हिट एंड रन दुर्घटनाओं में 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग ने वर्ष 2026 में मई तक 58,870 वाहनों का चालान कर 281 वाहन सीज किए हैं तथा 45.61 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। परिवहन विभाग ने 2,079 वाहनों का चालान कर 337 वाहन सीज किए और 105.47 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर 146 ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
सांसद मुकेश राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे और प्रमुख मार्गों पर हेलमेट चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाया जाए। साथ ही ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को टोल प्लाजा और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। सांसद ने रामगंगा पुल, पांचाल घाट पुल और अन्य स्वीकृत परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
