फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मई 2026 जनपद में संचालित पेयजल एवं सीवर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल निगम शहरी एवं जल निगम ग्रामीण द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम शहरी के अंतर्गत आवास विकास में संचालित 24×7 वाटर सप्लाई पायलट प्रोजेक्ट, कैंट एरिया वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट, शमसाबाद वाटर सप्लाई योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन सीवर एवं एसटीपी प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को कार्य पूरा होते ही तत्काल बंद कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके बाद जल निगम ग्रामीण के अंतर्गत “हर घर जल” परियोजना की समीक्षा की गई। समीक्षा में वीटीएल गजा एवं जीवीपीआर कंपनी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि वीटीएल गजा कंपनी ने 154 ओवरहेड टैंकों में से 151 टैंकों का निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि जीवीपीआर कंपनी 227 टैंकों के सापेक्ष केवल 69 टैंकों का ही निर्माण करा सकी है।
धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने जीवीपीआर कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने हेतु शासन को संस्तुति पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जल निगम ग्रामीण से संबंधित शिकायतों पर 23 प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
