फर्रुखाबाद:अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त अभियान, कई दुकानों पर औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश और आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश पर जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी जी०पी० गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

सोमवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने टीम के साथ जनपद की कई शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोलेपुर स्थित देशी शराब दुकान, नेकपुर चौरासी देशी शराब दुकान, कम्पोजिट शॉप भोलेपुर तथा आवास विकास स्थित मॉडल शॉप की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसका मिलान स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों से किया गया। साथ ही ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से हो रही बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई। अधिकारियों ने सभी अनुज्ञापियों को शासन के नियमों और मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

आबकारी विभाग ने चेतावनी दी कि किसी भी दुकान पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और अवैध शराब निर्माण व तस्करी की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए हैं।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।