फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डायरिया नियंत्रण और रोकथाम से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन (डायरिया रोको अभियान) की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने डायरिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस वित्तीय वर्ष में किए गए कार्यों की सराहना की और अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से आयोजित इस बैठक में जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक (डीसीपीएम) रणविजय सिंह ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत वर्ष भर में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर डायरिया से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए गए हैं।
बैठक में विद्यालय स्तर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों, 80 शासकीय भवनों में डिजिटल दीवार लेखन तथा 497 फ्रंटलाइन वर्करों के अभिमुखीकरण की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके।
इस दौरान अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर राजीव पाठक, विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, एआरओ, आईओ, हेल्थ पार्टनर्स तथा पीएसआई इंडिया से अमरीश कुमार पांडेय और अनुपम मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
