पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान अभी खत्म होती नहीं दिख रही है. पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के चंडीगढ़ दौरे के दूसरे दिन भी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी नेताओं ने उनके कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी. इससे एक बार फिर पार्टी के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मंगलवार (7 जुलाई) को भूपेश बघेल ने पंजाब कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के साथ अहम बैठक की. बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, हाल ही में नियुक्त 3 कार्यकारी अध्यक्षों में से राजकुमार वेरका और सुखविंदर सिंह डैनी, पार्टी के संगठन महासचिव, कोषाध्यक्ष और कई जिला अध्यक्ष मौजूद रहे.
हालांकि तीसरे कार्यकारी अध्यक्ष और चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाने वाले संगत सिंह गिलजियां इस बैठक में शामिल नहीं हुए. इसके अलावा कम से कम दो जिला अध्यक्ष भी बैठक से नदारद रहे. इन नेताओं की गैरमौजूदगी को पंजाब कांग्रेस की जारी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है.
