प्रयागराज, वृद्धावस्था पेशन से बुजुर्गाे को मिला आर्थिक संबल, डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों मे पहुँच रही पेंशन, बिचौलियों की भूमिका खत्म
प्रयागराज 05 नवम्बर।
जनपद प्रयागराज में उम्र के इस पड़ाव पर जब आमदनी के साधन सीमित हो जाते है और दूसरों पर निर्भरता बढ़ने लगती है, तब उत्तर प्रदेश सरकार की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना बुजुर्गाे के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना के माध्यम से वृद्धजनों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें। समाज कल्याण विभाग के आंकड़ो के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 मे प्रयागराज मे कुल 167536 वृद्धजनों को योजना के तहत पेंशन का लाभ दिया गया है। वहीं अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ने के लिए किये जा रहे प्रयासों के तहत 26335 नए आवेदन स्वीकृत किये गए है। इससे जिले में योजना का दायरा बढ़ा है और जरूरतमंद वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिला है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल ने बताया कि योजना के तहत पेंशन की धनराशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों मे सीधे भेजी जा रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और पेशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। नियमित आर्थिक सहायता बुजुर्गाे को दवाओं, दैनिक जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों में मददगार साबित हो रही है।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक पात्र बुजुर्ग को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्वध है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पेंशन भेजकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के जरूरतमंदों तक पहुँचे और वृद्वजन सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।