Friday, 06 November 2026 | 10:38 PM
उत्तर प्रदेश

खेल मैदान में गूंजा खिलाड़ियों का जोश, दौड़ में रफ्तार तो कबड्डी में दिखा दमखम

पटियाली की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक और जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को किया गया सम्मानित
Share:
खेल मैदान में गूंजा खिलाड़ियों का जोश, दौड़ में रफ्तार तो कबड्डी में दिखा दमखम

पटियाली (कासगंज)। एसबीआर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक और जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर कहीं दौड़ में खिलाड़ियों की रफ्तार दिखाई दी तो कहीं कबड्डी के मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सदस्य उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग नीरज किशोर मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बहादुर सिंह चौहान, एसडीएम सुशांत सांवरे, तहसीलदार शौर्य वर्धन राठौर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कंपोजिट विद्यालय रमपुरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर हरी झंडी दिखाकर 100 मीटर जूनियर बालिका दौड़ का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता में 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ कबड्डी के मुकाबले कराए गए। प्राथमिक बालक वर्ग में अर्जुन लधोली, विशेष चौकी अतनपुर और देव मुढ़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में ज्योति नवादा और सलोनी चौकी अतनपुर ने बाजी मारी। जूनियर बालक वर्ग में वीरेश रायपुर पुरोहित, गगन चौकी अतनपुर और शशिकांत कुढ़ा प्रथम रहे। जूनियर बालिका वर्ग में सोनी चौकी अतनपुर, सुरभि नगरिया गौड़ और अंजली रायपुर पुरोहित ने पहला स्थान हासिल किया।

कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक बालक वर्ग में चौकी अतनपुर और बालिका वर्ग में कुढ़ा की टीम विजेता रही। जूनियर बालक वर्ग में रानी डामर व मझोला तथा बालिका वर्ग में कुढ़ा व रायपुर पुरोहित की टीमों ने विजेता का स्थान प्राप्त किया।

समापन पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत, पुष्पेंद्र कुमार, नीलेश प्रताप चौहान, दीनदयाल सिंह, अजय यादव, यादराम सिंह, देवेंद्र कुमार, भारतेंदु कुमार, सोमेंद्र कुमार और फुरकान अली रहे।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी पटियाली राजकुमार सिंह, जिला समन्वयक सुनील यादव, जिला व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।