प्रयागराज: रोजगार महाकुम्भ 2025 का आयोजन 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में

शासन ने बेरोजगारों के लिए रोजगार महाकुम्भ 2025 का आयोजन किया है। सेवायोजन विभाग 26 से 28 अगस्त, 2025 तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रोजगार महाकुम्भ का आयोजन करने जा रहा है। रोजगार महाकुम्भ के माध्यम से सरकार 50 हजार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी उपलब्ध कराएगी। सेवायोजन विभाग द्वारा (rojgaarsangam.up.gov.in) पोर्टल विकसित किया गया है। जिसमें नियोजकों एवं नौकरी हेतु प्रयासरत युवाओं के लिए पंजीकरण सुविधा उपलब्ध है। सेवायोजन विभाग द्वारा जापान, जर्मनी एवं इजराइल जैसे देशों में हेल्थ, होम-केयरगिवर के प्लेसमेंट की रिक्तियां दी जा रही हैं। तीन दिन के रोजगार महाकुम्भ में विनिर्माण, आई0टी0-सेवा क्षेत्र, उभरते उद्योगों को प्रशिक्षित युवा उपलब्ध होंगे। रोजगार महाकुम्भ में ए0आई0 प्रशिक्षण माड्यूल विशेष आकर्षण होगा। इसमें उद्योग जगत के अग्रणी विशेषज्ञों के सहयोग से डिजिटल कौशल और ए0आई0-संचालित नौकरी की तैयारी पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा। प्रदर्शनी में सरकारी पहलुओं और भविष्य के कौशल रूझानों को प्रदर्शित किया जायेगा। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा युवा स्टॉल के माध्यम से स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। रोजगार महाकुम्भ में सम्मिलित होने के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करते हुए प्रतिभागी कम्पनी में समस्त शैक्षिक योग्यता एवं बॉयोडाटा सहित लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रोजगार महाकुम्भ में प्रतिभाग कर सकते हैं। उपरोक्त मेला में शामिल होने हेतु अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं है।