फर्रुखाबाद:व्यापारियों के आंदोलन के बाद बजरिया चौकी इंचार्ज का तबादला, कई उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 फरवरी 2026 जनपद में उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों के जोरदार आंदोलन के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार बजरिया चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक लछिमन सिंह को हटाते हुए उनका तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर नीबकरोरी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों उपनिरीक्षकों का आपसी स्थानांतरण किया गया है।

इसके साथ ही जनपद में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कई अन्य उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक विमल कुमार को थाना कमालगंज, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद वर्मा को थाना राजेपुर, उपनिरीक्षक विद्यासागर तिवारी को थाना कादरी गेट, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को थाना नवाबगंज तथा उपनिरीक्षक शकील अहमद एवं उपनिरीक्षक श्रीनाथ तिवारी को थाना जहानगंज भेजा गया है।

बजरिया चौकी इंचार्ज के हटाए जाने की सूचना मिलते ही व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इखलाक खांन तथा युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य व्यापारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

ज्ञात हो कि व्यापारी नेता अंकुश श्रीवास्तव ने बजरिया चौकी इंचार्ज पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। व्यापारियों का कहना है कि यह निर्णय उनकी एकजुटता और संघर्ष का परिणाम है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थानांतरण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका उद्देश्य जनपद में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Comment