Monday, 14 September 2026 | 6:59 PM
India

फर्रुखाबाद में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, विचार गोष्ठी का आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अप्रैल 2026 भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जेएनवी तिराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पि
Share:
फर्रुखाबाद में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, विचार गोष्ठी का आयोजन
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अप्रैल 2026 भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जेएनवी तिराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर सम्मान प्रकट किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में बाबा साहब का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बाबा साहब के साहित्य को पढ़ें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने आगे कहा कि हमें सामाजिक समरसता और न्याय को मजबूत करने के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उनके सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।