Sunday, 22 November 2026 | 2:18 AM
उत्तर प्रदेश

महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की पहल लाई रंग, कस्तूरबा विद्यालय में स्थापित हुआ ओपन जिम

छात्राओं को मिली फिटनेस की सौगात, निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा; सर्दी से बचाव के लिए कंबल और गद्दे भी बांटे
Share:
महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की पहल लाई रंग, कस्तूरबा विद्यालय में स्थापित हुआ ओपन जिम
महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की पहल लाई रंग, कस्तूरबा विद्यालय में स्थापित हुआ ओपन जिम

छात्राओं को मिली फिटनेस की सौगात, निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा; सर्दी से बचाव के लिए कंबल और गद्दे भी बांटे

कासगंज।बालिकाओं के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ की पहल रंग लाई है। उनके निर्देशों के बाद पटियाली तहसील के ग्राम रम्पुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए ओपन जिम स्थापित किया गया है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ व्यायाम और फिटनेस की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

ओपन जिम की स्थापना के बाद महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने विद्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और नई सुविधा का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर ओपन जिम के उपयोग, उसकी उपयोगिता और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की अन्य समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को भी गंभीरता से सुना।

निरीक्षण के दौरान सदस्य ने शीत ऋतु को देखते हुए छात्राओं को कंबल एवं गद्दे वितरित किए, ताकि सर्दी के मौसम में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विद्यालय की शिक्षिकाओं और वार्डन से भी बातचीत कर छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

रेनू गौड़ ने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां बच्चों को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और मजबूत बनाती हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राओं को नियमित रूप से ओपन जिम का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए और उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त बेटियां ही मजबूत समाज एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। बालिकाओं को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और फिटनेस की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।